जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) इला कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान के तहत एनएसएस की छात्राओं ने ऑनलाइन माध्यम से शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया और नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। छात्राओं ने ऑनलाइन पोर्टल पर शपथ लेते हुए समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर छात्राओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. ग्लोरिया पूर्ति, एनएसएस ऑफिसर डॉ. सुनीता कुमारी, डॉ. डी. पुष्प लता तथा एनएसएस की स्वयंसेविकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को समाजहित में आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाने की बात कही।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

