महुआडांड़: महुआडांड़ प्रखंड की अक्सी पंचायत की मुखिया रोजलिया खलखो ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि मुखिया का पद उनके लिए सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम रहा है। जनता से संवाद के दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों, चुनौतियों और अगले पांच वर्षों के विजन पर विस्तार से चर्चा की।


रोजलिया खलखो ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने पंचायत के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ निभाया। बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगवाए गए, खराब चापाकलों की मरम्मत कराई गई और कई टोलों में पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया। इसके अलावा पेंशन, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए स्वयं प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाए।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंद परिवारों तक राशन पहुंचाने और बीमार लोगों को इलाज दिलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके अनुसार जनता का प्यार और सम्मान ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
मुखिया ने स्वीकार किया कि पंचायत के कुछ दूरस्थ गांव आज भी सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से पूरी तरह नहीं जुड़ पाए हैं। उन्होंने इसका कारण सीमित फंड, दुर्गम भौगोलिक स्थिति और संसाधनों की कमी बताया। वहीं सांसद और विधायक मद से कुछ विकास कार्य हुए हैं, लेकिन पंचायत की जरूरतों के मुकाबले यह पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने सरकार से बेहतर मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। रोजलिया खलखो ने कहा कि यदि जनता दोबारा अवसर देती है तो हर घर नल-जल, हर टोला पक्की सड़क और नेटवर्क की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि पूरे कार्यकाल में उन पर कभी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा और अब उनके कार्यों का फैसला जनता करेगी।

