आदित्यपुर सड़क हादसे में घायल वृद्ध महिला की मौत, अब तक नहीं हो सकी पहचान

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई एक वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को 25 जून की शाम एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। पुलिस अब तक मृतका की पहचान नहीं कर सकी है और उसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को शाम करीब 4 बजे आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर सुधा डेयरी के पास एक अज्ञात वाहन ने लगभग 70 वर्षीय वृद्ध महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान 26 जून 2026 को महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव की पहचान कराने के उद्देश्य से उसे शीतगृह में सुरक्षित रखा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मृत महिला की उम्र लगभग 70 वर्ष है। घटना के समय उसने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी और उसके हाथ में एक झोलाभी था। काफी प्रयासों के बावजूद अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

आदित्यपुर थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस महिला के बारे में कोई जानकारी हो या उसकी पहचान हो सके, तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें, ताकि शव की शिनाख्त कर उसे परिजनों को सौंपा जा सके। वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में भी जुटी हुई है और दुर्घटना की जांच जारी है।