चक्रधरपुर में खेत से मिले शक्तिशाली बम को सेना ने किया नष्ट, नियंत्रित विस्फोट से टला बड़ा खतरा

Spread the love

चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव के एक खेत से बरामद शक्तिशाली बम को भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने शुक्रवार को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। सेना की 23 इन्फैंट्री डिवीजन के कर्नल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। अभियान के सफल समापन के बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

सेना ने दोपहर तक ऑपरेशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन अचानक तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण अभियान को लगभग दो घंटे के लिए रोकना पड़ा। मौसम सामान्य होने के बाद दोपहर 3:14 बजे नियंत्रित विस्फोट की प्रक्रिया शुरू की गई।

बम को पहले एक सुरक्षित गड्ढे में रखा गया और उसके साथ अतिरिक्त विस्फोटक सामग्री जोड़ी गई। इसके बाद लगभग 150 मीटर की सुरक्षित दूरी से बैटरी और तार की सहायता से नियंत्रित विस्फोट किया गया। बटन दबाते ही जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।

विस्फोट के बाद घटनास्थल पर करीब पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया। बम के अवशेष और मलबा लगभग 400 मीटर तक फैल गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने विस्फोट स्थल के 300 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया था। ग्रामीणों और मीडिया कर्मियों को भी सुरक्षित दूरी पर रखा गया।

पूरे अभियान के दौरान कर्नल धर्मेंद्र सिंह के अलावा अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, एएसपी (अभियान) राहुल देव बड़ाइक, डीएसपी डेविड ए. डोडराय, थाना प्रभारी एमियल एक्का, सीआरपीएफ के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अभियान पूरी तरह सुरक्षित और सफल रहा।