JSSC ने JTMACCE-2025 का रिजल्ट किया जारी, छह विषयों के सफल अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित

Spread the love

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (JTMACCE-2025) का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने विभिन्न विषयों के रिक्त पदों के लिए सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

आयोग द्वारा जिन छह विषयों का परिणाम जारी किया गया है, उनमें समाजशास्त्र (Sociology), मनोविज्ञान (Psychology), मानव विज्ञान (Anthropology), गृह विज्ञान (Home Science), भूविज्ञान (Geology) तथा एप्लाइड इंग्लिश (Applied English) शामिल हैं।

जेएसएससी ने सफल अभ्यर्थियों की सूची अनारक्षित (UR), अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC), अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC), पिछड़ा वर्ग (BC) तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अनुसार अलग-अलग प्रकाशित की है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हैं अथवा दस्तावेजों में किसी प्रकार की अस्पष्टता है, उनका परिणाम फिलहाल लंबित रखा गया है। ऐसे मामलों में दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जेएसएससी ने अपने नोटिस में कहा है कि यदि प्रकाशित परिणाम में किसी प्रकार की टंकण त्रुटि या अन्य तकनीकी त्रुटि पाई जाती है, तो उसे संशोधित करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के “Results” सेक्शन में जाकर विषयवार जारी पीडीएफ डाउनलोड कर अपने रोल नंबर की जांच कर सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।