रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 किलो तैयार अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। ओरमांझी थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 12 किलोग्राम तैयार अफीम बरामद की है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 45 लाख से 60 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रॉबिन राज और सुखलाल मुंडा के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश नंबर की एक लग्जरी कार से रांची-रामगढ़ एनएच-20 मार्ग पर अफीम की खेप लेकर जा रहे थे। तस्करी को छिपाने के लिए कार में विशेष गुप्त बॉक्स बनाए गए थे और सीटों के नीचे भी अफीम छिपाकर रखी गई थी। तलाशी के दौरान पुलिस ने पूरी खेप बरामद कर ली। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद अफीम रांची के बुंडू और तमाड़ समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों से जुटाई गई थी। इसके बाद इसे उत्तर प्रदेश और बिहार के बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

ओरमांझी थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आने वाले दिनों में पूरे नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।