एमपी नगीना बिल्डिंग में जन औषधि केंद्र का उद्घाटन, Arjun Munda ने किया शुभारंभ

Spread the love

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर मुख्य मार्ग स्थित एमपी नगीना बिल्डिंग में गुरुवार को प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री Arjun Munda द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में नगर निगम के मेयर संजय सरदार, पूर्व डिप्टी मेयर बॉबी सिंह, पूर्व नप उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह, पार्षद नीतू शर्मा, अधिवक्ता ओम प्रकाश एवं एस के स्वाईन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री मुंडा ने बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत आम जनता को ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50% से 90% तक सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाती हैं। इन केंद्रों पर लगभग 2000 से अधिक दवाइयाँ, 300 से अधिक सर्जिकल उपकरण तथा ₹1 में सैनिटरी पैड भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि ये दवाइयाँ गुणवत्ता और प्रभाव में ब्रांडेड दवाओं के समान होती हैं तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानकों के अनुरूप परीक्षण से गुजरती हैं।

कार्यक्रम में केंद्र के संचालक मुकेश कुमार भगत, राजेश कुमार भगत (मुन्ना), कांग्रेस जिला प्रभारी सुरेश धारी एवं महिला नेत्री रितिका मुखी सहित कई लोग उपस्थित रहे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोगों को सस्ती दवाइयाँ उपलब्ध कराकर उनके आर्थिक बोझ को कम करना है।