परीक्षा अनियमितता पर कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, राष्ट्रीय स्तर के पेपर लीक मामलों पर मांगा जवाब

Spread the love

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा के आरोप झूठ, पाखंड और राजनीतिक नौटंकी पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ सबसे बड़ा खिलवाड़ भाजपा के शासनकाल में हुआ है, इसलिए पार्टी को नैतिकता की बात करने का अधिकार नहीं है।

राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि NEET, UGC-NET, रेलवे, SSC और सेना भर्ती जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के लिए भाजपा जवाब दे। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक केंद्र सरकार पेपर लीक माफिया पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी और छात्रों के आंदोलन के बाद ही कानून बनाने की पहल हुई।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि झारखंड में अपने शासनकाल के दौरान JPSC परीक्षाओं से जुड़े कथित विवादों और अनियमितताओं पर उसने क्या कदम उठाए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों और युवाओं के हित में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की पक्षधर रही है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से सच्चाई नहीं बदलेगी और युवाओं के सवालों का जवाब सरकार को देना ही होगा।