खरकाई नदी का जलस्तर दो मीटर से अधिक बढ़ा, आदित्यपुर के निचले इलाकों पर बाढ़ का खतरा

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: लगातार हो रही बारिश के कारण खरकाई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर अब तक दो मीटर से अधिक बढ़ चुका है, जिससे आदित्यपुर के कई निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

बढ़ते जलस्तर का असर रायडीह बस्ती, बाबा आश्रम, भाटिया बस्ती और हरिओम नगर सहित कई इलाकों में दिखाई देने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नदी का पानी रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने अलर्ट तो जारी किया है, लेकिन अब तक संभावित प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर या वैकल्पिक आवास की व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

प्रशासन ने निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, नदी के किनारे जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।