झारखंड में बिजली उपभोक्ताओं को लग सकता है महंगाई का झटका, 50 प्रतिशत तक दरें बढ़ाने की तैयार

Spread the love

रांची : झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले वित्तीय वर्ष में महंगाई का झटका लग सकता है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) बिजली दरों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसके लिए आगामी वित्तीय वर्ष का टैरिफ पिटिशन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के बाद झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, बिजली वितरण निगम का सालाना रेवेन्यू गैप करीब 19 हजार करोड़ रुपये है। बिजली की खरीद और बिक्री के बीच अंतर, स्थापना संबंधी खर्च, नई योजनाओं के क्रियान्वयन और वितरण संसाधनों के विकास पर होने वाले खर्च को इसके प्रमुख कारणों में शामिल बताया जा रहा है। इसी वित्तीय अंतर को कम करने के उद्देश्य से JBVNL बिजली दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

इससे पहले निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए भी बिजली दरों में वृद्धि का प्रस्ताव दिया था। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए झारखंड विद्युत नियामक आयोग ने 6.12 प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी, जिसे एक अप्रैल 2026 से लागू किया गया था।

नई दरों पर अंतिम फैसला नियामक आयोग द्वारा लिया जाएगा। आयोग प्रस्ताव का मूल्यांकन करने के साथ उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ और निगम की वित्तीय जरूरतों का आकलन करेगा। ऐसे में फिलहाल 50 प्रतिशत बढ़ोतरी केवल प्रस्तावित है, इस पर अंतिम निर्णय होना बाकी है।