झारखंड: गिरिडीह में विश्व पर्यावरण सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों ने लिया वृक्ष संरक्षण का संकल्प

Spread the love

झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के गारिडीह गांव में विश्व पर्यावरण सप्ताह 2026 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसका नेतृत्व वन क्षेत्र पदाधिकारी ने किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्द्धन और हरित जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। आसपास के गांवों—कल्याणपुर, गारिडीह, प्रतापपुर और चिताखारी—के बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं इसमें शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामीणों ने वृक्षों की रक्षा और संवर्धन का संकल्प लेते हुए संरक्षण सूत्र बांधा और पर्यावरण बचाने की शपथ ली। वन विभाग के अधिकारियों ने वृक्षारोपण, वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना आवश्यक है। कार्यक्रम में कई वनकर्मी और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें वनपाल अमर विश्वकर्मा, प्रधान वनपाल अनु सोरेन, संजय कांत यादव, वीरेन्द्र कुमार, सुश्री सुरुचि कुमारी और शिवनारायण महतो शामिल थे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, जयदेव यादव, अब्दुल गनी और अनिल कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और अपने गांवों को हराभरा रखने का संकल्प लिया। वन विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।