झारखंड: सरायकेला में पॉलिटेक्निक छात्रों की समर ट्रेनिंग विवाद पर प्राचार्य का बयान, NIT जमशेदपुर से समन्वय की कमी से उठा मामला

Spread the love

झारखंड के सरायकेला जिले में गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित सरकारी महिला पॉलिटेक्निक सहित राज्य के विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्रों की प्रस्तावित समर इंटर्नशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर उत्पन्न विवाद पर संस्थान के प्राचार्य बेंजामिन कंडुलना ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि पॉलिटेक्निक संस्थानों की सभी शैक्षणिक गतिविधियां राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अकादमिक कैलेंडर के अनुसार संचालित की जाती हैं। प्राचार्य के अनुसार, राज्य सरकार के शैक्षणिक कैलेंडर के तहत 8 जून से छात्रों के लिए एनआईटी जमशेदपुर में समर ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम निर्धारित किया गया था, जिसके लिए छात्रों का चयन भी पूरा कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि एनआईटी जमशेदपुर प्रबंधन के साथ हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत लगभग 500 छात्रों को प्रशिक्षण देने पर सहमति बनी थी। इसी आधार पर विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्रों का चयन किया गया और प्रशिक्षण की तैयारी पूरी कर ली गई थी। हालांकि, एनआईटी प्रबंधन के साथ उचित समन्वय की कमी और कार्यक्रम को लेकर उत्पन्न भ्रम के कारण विवाद सामने आया है। प्राचार्य ने आशा जताई कि संबंधित सभी पक्ष आपसी बातचीत और समन्वय के माध्यम से जल्द इस समस्या का समाधान निकाल लेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों के प्रशिक्षण और शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि उनकी पढ़ाई और भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।