झारखंड: महंगाई का असर तेज, दूध-ब्रेड से लेकर गैस तक बढ़े दाम, आम जनता का बजट बिगड़ा

Spread the love


मध्य पूर्व में जारी तनाव और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी का असर अब झारखंड में आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखने लगा है। खाने-पीने की कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ गए हैं, जिससे घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। सुबह की चाय से लेकर नाश्ते की थाली तक महंगी हो गई है। दूध और दही की कीमतों में पहले ही वृद्धि हो चुकी थी, और अब ब्रेड कंपनियों ने भी अपने उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं। ब्रेड निर्माता कंपनी Maurish ने अपने विभिन्न उत्पादों के दाम 2 से 5 रुपये तक बढ़ा दिए हैं, जिसमें बर्गर बन और पिज्जा बेस जैसे उत्पादों की कीमत लगभग 15 रुपये प्रति पीस तक पहुंच गई है। कंपनी ने इसका कारण कच्चे माल, पैकेजिंग, औद्योगिक गैस और उत्पादन लागत में वृद्धि बताया है।

इसके साथ ही खाद्य तेल, रिफाइंड, सरसों तेल और घी की कीमतों में भी बढ़ोतरी से खाना बनाना महंगा हो गया है। एक सामान्य चार सदस्यीय परिवार के नाश्ते का खर्च भी बढ़ गया है। पहले जहां छह उबले अंडे, एक लीटर दूध, ब्रेड और चार कप चाय पर करीब 136 रुपये खर्च होते थे, अब यह बढ़कर लगभग 150 रुपये हो गया है।

डेयरी उत्पादों में भी राहत नहीं है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब मेधा डेयरी ने भी अपने दाम बढ़ा दिए हैं। डबल टोंड दूध 50 रुपये से बढ़कर 52 रुपये प्रति लीटर और टोंड दूध 54 रुपये से 56 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसके अलावा पनीर और दही की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।

महंगाई का असर केवल खाने-पीने तक सीमित नहीं है, बल्कि साबुन, टूथपेस्ट, हॉर्लिक्स, बैटरियां और पेंसिल जैसी रोजमर्रा की FMCG वस्तुएं भी महंगी हो गई हैं। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र में उपयोग होने वाली पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में भी पिछले तीन महीनों में लगभग 30 रुपये प्रति SCM की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका सीधा असर अब बाजार में तैयार खाद्य उत्पादों और अन्य वस्तुओं की कीमतों पर दिख रहा है।