झारखंड शराब घोटाला: ACB ने जांच तेज की, तीन पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों से लंबी पूछताछ

Spread the love

रांची: झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को मामले से जुड़े तीन पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों को एसीबी मुख्यालय बुलाकर कई घंटों तक पूछताछ की गई। जांच एजेंसी उत्पाद नीति, टेंडर प्रक्रिया और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

पूछताछ के लिए पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश, पूर्व संयुक्त आयुक्त (उत्पाद) गजेंद्र सिंह और वित्त विभाग के पूर्व महाप्रबंधक सुधीर कुमार दास एसीबी मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों से सुबह करीब 11 बजे से अलग-अलग चरणों में पूछताछ की गई।

सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान एसीबी अधिकारियों ने उत्पाद नीति में हुए बदलाव, टेंडर प्रक्रिया, बैंक गारंटी से जुड़े नियमों और सरकारी राजस्व को हुए कथित नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उपलब्ध दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर एजेंसी आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि 20 मई 2025 को एसीबी ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप है कि तत्कालीन उत्पाद नीति के दौरान अयोग्य कंपनियों को मैनपावर सप्लाई का ठेका दिया गया और फर्जी बैंक गारंटी के जरिए राज्य सरकार को लगभग 38 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। मामले की जांच अभी जारी है।