रांची: राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल परिसर में हाल ही में लगाए गए 1,417 अत्याधुनिक CCTV कैमरों में से केवल तीन कैमरे ही चालू हैं, जबकि 1,414 कैमरे बंद पड़े हैं। इसके कारण पूरे अस्पताल परिसर की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी व्यवस्था लगभग पूरी तरह ठप हो गई है।


आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत करोड़ों रुपये की लागत से नया CCTV नेटवर्क और कंट्रोल रूम तैयार किया गया था। दावा किया गया था कि यहां से पूरे परिसर की 24 घंटे निगरानी होगी, लेकिन वर्तमान में कंट्रोल रूम भी लगभग निष्क्रिय है। जानकारी के अनुसार, वहां अधिकांश समय कोई ऑपरेटर मौजूद नहीं रहता और केवल एक सुरक्षा गार्ड की तैनाती है। कंट्रोल रूम में लगे माइक्रोफोन और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी फिलहाल उपयोग में नहीं हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुराने कैमरों की जगह नई तकनीक वाले कैमरे लगाए जा चुके हैं, लेकिन इंस्टॉलेशन के बाद भी सिस्टम पूरी तरह चालू नहीं हो पाया है। रिम्स प्रशासन का कहना है कि कैमरे लगाने वाली एजेंसी ने अभी तक परियोजना का औपचारिक हैंडओवर नहीं किया है। प्रशासन के मुताबिक बुधवार को तकनीकी टीम को बुलाया गया है और सभी तकनीकी खामियों को दूर कर CCTV सिस्टम को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

