रांची: झारखंड में छात्रों के आंदोलन के समाप्त होने की घोषणा का प्रदेश कांग्रेस ने स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनना और बातचीत के जरिए समाधान निकालना लोकतंत्र को मजबूत करता है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की पहल ने छात्र आंदोलन को समाप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राकेश सिन्हा ने इसके लिए राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई दी।
छात्रों के मुद्दों को लगातार उठाते रहे राहुल गांधी
राकेश सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने भी छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की पहल की। आंदोलन का समाप्त होना छात्रों की हार नहीं, बल्कि संवाद के जरिए समाधान की दिशा में एक जीत है।
सरकार को समय पर पूरे करने होंगे वादे
कांग्रेस नेता ने कहा कि अब सरकार की जिम्मेदारी है कि छात्रों से किए गए वादों को समय पर पूरा किया जाए। JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित करने के लिए सरकार को गंभीरता से काम करना होगा।
उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों को भी बधाई दी। राकेश सिन्हा ने कहा कि छात्रों की एकजुटता ने भर्ती परीक्षाओं से जुड़े गंभीर सवालों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की जायज मांगों को लेकर आगे भी उनकी आवाज उठाती रहेगी।

