बोकारो: झारखंड के बोकारो से छह साल पहले लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की तलाश अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगा। झारखंड हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया है। लड़की 16 अक्टूबर 2020 को पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र स्थित अपने घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।


परिजनों की शिकायत पर उसी दिन FIR दर्ज की गई थी। बोकारो पुलिस ने काफी समय तक जांच और तलाश की, लेकिन लड़की का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को मामले की जांच CID को सौंपी गई। CID ने SIT गठित कर विभिन्न पहलुओं की जांच की, लेकिन नाबालिग का पता नहीं चल सका।
हाईकोर्ट ने मामले में सामने आए अंतरराज्यीय कड़ियों और डिजिटल सुरागों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। कोर्ट के अनुसार मामले की जटिलता को देखते हुए उन्नत तकनीकी संसाधनों की जरूरत है।
कोर्ट ने CID के ADG को सभी रिकॉर्ड CBI के ईस्टर्न जोन के संयुक्त निदेशक को सौंपने का निर्देश दिया है। CBI निदेशक को जांच की निगरानी और समय-समय पर समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है। CBI को 27 अक्टूबर तक हाईकोर्ट में जांच की प्रगति रिपोर्ट हलफनामे के माध्यम से दाखिल करनी होगी।

