जमशेदपुर: झारखंड पुलिस की एक पेट्रोलिंग वाहन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। वजह किसी कार्रवाई या उपलब्धि की नहीं, बल्कि वाहन पर लिखी गई अंग्रेजी की एक स्पेलिंग मिस्टेक है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में पुलिस वाहन पर “POLICE PETROL CAR” लिखा दिखाई दे रहा है, जबकि सही शब्द “POLICE PATROL CAR” होना चाहिए। इस गलती को लेकर लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


वायरल तस्वीर में महिंद्रा बोलेरो मॉडल की झारखंड पुलिस की एक पेट्रोलिंग गाड़ी दिखाई दे रही है। वाहन पर “Jharkhand Police” और आपातकालीन सेवा 112 भी अंकित है। हालांकि, तस्वीर में वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट नहीं होने के कारण यह पता नहीं चल सका है कि यह गाड़ी राज्य के किस जिले की है।
स्पेलिंग की इस गलती के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि वाहन पर “PATROL” (गश्त) की जगह “PETROL” (ईंधन) लिख दिया गया है। कुछ यूजर्स ने इसे लापरवाही बताया तो कुछ ने इसे महज मानवीय भूल मानते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
फिलहाल इस वायरल तस्वीर या स्पेलिंग त्रुटि को लेकर झारखंड पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह वाहन किस जिले में तैनात है और यह त्रुटि कब से मौजूद है। सोशल मीडिया पर तस्वीर तेजी से साझा की जा रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

