रांची: JSSC CGL परीक्षा रद्द होने के बाद नियुक्ति संकट का सामना कर रहे चयनित अभ्यर्थियों ने गुरुवार को राजधानी रांची में तिरंगा यात्रा निकाली। बड़ी संख्या में युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे और सरकार से उनकी नियुक्तियां बहाल करने की मांग की।


चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कई वर्षों तक मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की, परीक्षा पास की और पूरी चयन प्रक्रिया के बाद उन्हें नौकरी मिली थी। अब परीक्षा और नियुक्ति रद्द होने से उनका भविष्य अनिश्चित हो गया है।
नौकरी जाने से फिर बेरोजगारी का दावा
अभ्यर्थियों ने कहा कि नियुक्ति रद्द होने के बाद वे दोबारा बेरोजगारी की स्थिति में पहुंच गए हैं। इसका असर उनके करियर के साथ-साथ उनके परिवार पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संगठन के खिलाफ नहीं है, बल्कि वे अपनी मेहनत, अधिकार और भविष्य की सुरक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं।
सरकार से स्थायी समाधान की मांग
तिरंगा यात्रा के दौरान चयनित युवाओं ने सरकार से पूरे मामले का स्थायी समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने नियुक्त हो चुके अभ्यर्थियों के हित में जल्द फैसला लेने और उनकी नियुक्ति बहाल करने की मांग की।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर उचित निर्णय होने तक उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।

