चाईबासा में विज्ञान-गणित किट वितरण योजना में वित्तीय अनियमितता का आरोप, जांच की मांग तेज

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले में शिक्षा विभाग की विज्ञान एवं गणित किट वितरण योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। भारत आदिवासी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष तुरी सुंडी ने झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक, मुख्यमंत्री, उपायुक्त और जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के 172 उच्च एवं प्लस-टू विद्यालयों के लिए प्रति विद्यालय 5,000 रुपये की दर से कुल 8.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन कई स्कूलों में विज्ञान और गणित किट का वितरण नहीं हुआ, जबकि राशि की निकासी कर ली गई। शिकायत में गुप्ता एंटरप्राइजेज, उसके संचालक चंदन गुप्ता और कुछ बीआरसी कर्मियों की कथित मिलीभगत का भी आरोप लगाया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।