कोडरमा: मछली चोरी और रंगदारी का आरोप, विस्थापित मत्स्यजीवी समितियों ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार

Spread the love

कोडरमा: कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड स्थित पचखेड़ो जलाशय योजना में मत्स्य पालन कर रही विस्थापित मत्स्यजीवी समितियों ने जलाशय से अवैध रूप से मछली निकालने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में शुक्रवार को मरकच्चो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। समितियों का दावा है कि इस घटना से उन्हें करीब 20 से 25 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, जिला मत्स्य पदाधिकारी ने वर्ष 2021 से मार्च 2031 तक पचखेड़ो जलाशय में मत्स्य पालन एवं मत्स्य बीज विपणन का अधिकार चार विस्थापित मत्स्यजीवी सहयोग समितियों को दिया है। इनमें लक्ष्मी, वर्मा, कुशवाहा और अर्कोशा पुनर्वास मत्स्यजीवी सहयोग समितियां शामिल हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने बिना अनुमति जलाशय में प्रवेश कर बड़ी मात्रा में मछलियां पकड़कर बेच दीं। आरोपितों में सीताराम पासवान, विकास पासवान, शत्रुघ्न साहनी, रंजीत साहनी, जयराम साहनी, कुंदन साहनी और श्यामसुंदर राणा सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

तीनों समितियों के सचिव महेश्वरी कुशवाहा, कामदेव प्रसाद वर्मा और संजय कुमार वर्मा ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है। मरकच्चो थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।