कोडरमा: कोडरमा के बंझेडीह स्थित KTPS प्लांट में तैनात CISF के सब-इंस्पेक्टर श्याम सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद साथी जवानों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।


श्याम सिंह को इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही CISF के अधिकारी और जवान अस्पताल पहुंचे। उनकी मौत से CISF यूनिट में शोक का माहौल है।
श्याम सिंह की उम्र 52 वर्ष थी और वह उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में वह KTPS बंझेडीह में CISF सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे।
पुलिस और CISF की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
CISF की ओर से श्याम सिंह के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। घटना के बाद सहकर्मियों और अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है।

