कोडरमा: डोमचांच थाना क्षेत्र में सोमवार रात बारिश के बीच हुए सड़क हादसे में 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा नीरू पहाड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के राजधनवार निवासी प्रीतम पटेल के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, प्रीतम झुमरी तिलैया में किराए के मकान में रहते थे और एक स्मार्ट मार्केट में काम करते थे। सोमवार को वह अपने गांव राजधनवार गए थे। रात में बाइक से वापस झुमरी तिलैया लौट रहे थे। नीरू पहाड़ के पास तेज बारिश के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रीतम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से पुलिस ने मृतक के परिजनों की पहचान कर उन्हें सूचना दी।
मंगलवार सुबह परिजन अस्पताल पहुंचे। प्रीतम के पिता का करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका था। उनके परिवार में मां, पत्नी और छोटी बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

