मनोरंजन: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने रक्षाबंधन के मौके पर जारी एक विज्ञापन में अपनी पोशाक को लेकर हुए विवाद पर खुलकर बात की है। करीना कपूर के शो ‘व्हाट वुमन वॉन्ट’ में बातचीत के दौरान कृति ने कहा कि उनकी चोली राष्ट्रीय बहस का विषय बन गई थी। विज्ञापन में लहंगे के साथ पहने गए ब्लाउज की डीप नेकलाइन को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद विज्ञापन को हटा दिया गया था।


कृति ने बताया कि वह आमतौर पर सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं, लेकिन इस मामले में उन्हें लगा कि महिलाओं के अधिकारों के लिए बोलना जरूरी है। उनके मुताबिक, किसी महिला को क्या पहनना है, यह उसका निजी फैसला है। लोगों को किसी की पोशाक पसंद आए या नहीं, यह उनकी अपनी पसंद हो सकती है, लेकिन इसके आधार पर अपमानजनक टिप्पणियां करना उचित नहीं है।
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि संस्कृति का हवाला देकर कुछ लोगों ने उनके माता-पिता और बहन के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। कृति ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की भावनाओं और पसंद का सम्मान किया जाना चाहिए, क्योंकि वे भी इंसान हैं और नकारात्मक टिप्पणियों से उन्हें दुख पहुंच सकता है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति की पिछली फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना नजर आए थे। उन्होंने फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में विशेष भूमिका भी निभाई थी। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कृति आगामी फिल्म ‘ब्लडी रोमियो’ में अभिनेता नानी के साथ नजर आ सकती हैं। इस फिल्म का निर्देशन सुजीत कर सकते हैं, हालांकि परियोजना को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

