झारखंड :महुआडांड़ में इन दिनों पुलिस प्रशासन की सक्रियता और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में महुआडांड़ पुलिस लगातार रात्रि गश्ती कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए है। रातभर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना है, वहीं असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण देखने को मिल रहा है। स्टेट बैंक, ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, एक्सिस बैंक, विभिन्न ज्वेलरी दुकानों, पेट्रोल पंपों तथा मुख्य बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार रात्रि गश्ती की जा रही है। साथ ही संदिग्ध और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई भी लगातार जारी है।ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं ने थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक की सुरक्षा को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही गश्ती से अब क्षेत्र में पहले की तुलना में अधिक शांति और सुरक्षा महसूस हो रही है।
महुआडांड़ पुलिस की यह सक्रिय कार्यशैली आज पूरे क्षेत्र में भरोसे और सुकून की नई पहचान बन चुकी है।



