बिजली संकट से प्रभावित हो रही पढ़ाई, महुआडांड़ में मैट्रिक-इंटर के गिरते रिजल्ट पर बढ़ी चिंता

Spread the love

झारखंड :महुआडांड़ अनुमंडल में लगातार चरमराई बिजली व्यवस्था अब शिक्षा व्यवस्था पर भी सीधा असर डालती नजर आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के गिरते रिजल्ट के पीछे सबसे बड़ा कारण रात में घंटों बिजली गुल रहना है।छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के सबसे महत्वपूर्ण समय में अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में देर शाम से ही बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। प्रतियोगी परीक्षा और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र खासे परेशान हैं। अभिभावकों का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण हर परिवार इनवर्टर या जनरेटर की व्यवस्था नहीं कर सकता, जिसका सीधा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है।ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि पहले महुआडांड़ क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए जाना जाता था, लेकिन अब लगातार खराब होती बिजली व्यवस्था ने विद्यार्थियों की मेहनत पर असर डालना शुरू कर दिया है।स्थानीय लोगों ने लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार से बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले वर्षों में शिक्षा का स्तर और अधिक प्रभावित हो सकता है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चे बेहतर माहौल में पढ़ाई कर सकें और महुआडांड़ फिर से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सके।