सरायकेला-खरसावां में बड़ा पुलिस फेरबदल, 12 थाना प्रभारियों का तबादला

Spread the love

सरायकेला-खरसावां जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रशासनिक स्तर पर अहम निर्णय लेते हुए जिले के 12 थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है।

जारी आदेश के तहत कई प्रमुख थानों की जिम्मेदारी बदली गई है। खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि सरायकेला थाना में तैनात राहुल कुमार सिंह को खरसावां की कमान सौंपी गई है। वहीं साइबर सेल में पदस्थापित वरुण यादव को ईचागढ़ थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। सरायकेला थाना के रविकांत परासर को आरआईटी ओपी का नया प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा चांडिल और नीमडीह थाना प्रभारियों की आपसी अदला-बदली की गई है। चांडिल के डिलसन बिड़वा को नीमडीह भेजा गया है, जबकि संतन कुमार तिवारी को चांडिल थाना की जिम्मेदारी दी गई है। चौका प्रभारी सोनू कुमार को गम्हरिया थाना स्थानांतरित किया गया है, जबकि ईचागढ़ प्रभारी बजरंग महतो को साइबर थाना, सरायकेला भेजा गया है।

अन्य बदलावों में संजीव कुमार सिंह (आरआईटी ओपी) को खरसावां थाना, नरसिंह मुंडा (कुचाई) को कांडर्रा थाना, रविन्द्र मुंडा (दलभंगा ओपी) को कुचाई थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सतीश वर्मवाल (आदित्यपुर थाना) को दलभंगा ओपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसपी निधि द्विवेदी ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बिना किसी देरी के अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें और कार्यभार संभालें।

इस व्यापक फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नई तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा मिल सकेगी।