रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 माह की मासूम अदिति पांडेय का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्ची के गायब होने के 47 दिन बीत जाने के बाद भी उसकी बरामदगी नहीं होने से परिजन बेहद चिंतित और परेशान हैं। मामले में कार्रवाई की धीमी गति से नाराज परिवार के सदस्य सोमवार को मुख्यमंत्री से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में गोंदा थाना पुलिस ने उन्हें रोक दिया।


मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाने पर परिजनों ने उनके नाम एक आवेदन पुलिस अधिकारियों को सौंपा। आवेदन में बच्ची की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने और मामले की जांच में तेजी लाने की मांग की गई है।
गोंदा डीएसपी संजीव मिश्रा ने बताया कि परिजन मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे। उनका आवेदन सचिवालय भेज दिया गया है और जल्द मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक बच्ची के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले की उच्चस्तरीय जांच जारी है।
अदिति के पिता ने कहा कि उनकी बेटी को लापता हुए 47 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई परिणाम नहीं निकला है। उन्होंने बताया कि परिवार पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन और गुहार लगा चुका है, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल पाया। परिवार को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री उनकी पीड़ा को समझेंगे और मामले में आवश्यक निर्देश देंगे ताकि अदिति की जल्द से जल्द बरामदगी हो सके।
परिजनों ने कहा कि यदि इस बार मुलाकात नहीं हो पाती है, तो वे फिर से मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास करेंगे। वहीं, बच्ची की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में परिवार अब भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है।

