गिरिडीह: सरिया थाना क्षेत्र में 28 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अशोक मंडल की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने हत्या की पुष्टि होने का दावा किया है। मृतक के पुत्र राहुल मंडल ने बताया कि घटना के बाद थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और शव का पोस्टमार्टम कराया गया था।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अशोक मंडल की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि उनके सिर पर किसी कठोर और कुंद वस्तु से वार किया गया था, जिससे गंभीर आंतरिक चोट और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। इसी कारण उनकी मृत्यु हुई। चिकित्सकों ने मामले को हेड इंजरी बताते हुए विसरा जांच के लिए एफएसएल रांची भेजने की भी अनुशंसा की है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के 26 दिन बीत जाने के बावजूद सरिया पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है। राहुल मंडल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद भी कार्रवाई में हो रही देरी से परिवार के लोग आक्रोशित और निराश हैं।
परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है।

