सरायकेला में मासिक लोक अदालत का आयोजन, 18 मामलों का निपटारा, 1.08 लाख राजस्व वसूली

Spread the love

झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए सरायकेला-खरसावां रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में सरायकेला सिविल कोर्ट एवं चांडिल अनुमंडलीय न्यायालय में मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का पर्यवेक्षण सिविल जज (वरिष्ठ विभाग)-सह-न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं डीएलएसए की प्रभारी सचिव अनामिका किस्कू द्वारा किया गया। लोक अदालत के संचालन हेतु कुल 10 पीठों का गठन किया गया, जिनमें न्यायिक पदाधिकारियों, पैनल अधिवक्ताओं तथा न्यायालय कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। साथ ही झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL), आबकारी विभाग एवं माप-तौल विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों के कुल 18 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया, जिससे कुल 1 लाख 8 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इनमें 11 मामले विद्युत अधिनियम से जुड़े थे, जिनसे 64 हजार रुपये की वसूली हुई, जबकि 7 मामले आबकारी अधिनियम से संबंधित थे, जिनसे 44 हजार रुपये का राजस्व मिला। उल्लेखनीय है कि मासिक लोक अदालत का आयोजन प्रत्येक माह अंतिम शनिवार को किया जाता है, जिससे मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के साथ न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने और आम लोगों को शीघ्र न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।