सोनुवा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा को शनिवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि गुदड़ी क्षेत्र की नदियों से अवैध रूप से बालू उत्खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से सोनुवा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोइलकेरा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग स्थित राघोई गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना ले आई और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही खनन विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गोइलकेरा और गुदड़ी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू उत्खनन जारी था, जिससे न केवल सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



