जमशेदपुर : राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के 10 दिवसीय सामूहिक वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। यह शिविर 37 झारखंड बटालियन NCC के कमांडिंग ऑफिसर एवं कैम्प कमांडेंट कर्नल विनय आहुजा के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में National Institute of Technology Jamshedpur के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रजिस्ट्रार प्रो. एस. के. सारंगी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
इस शिविर में कुल 546 NCC कैडेट्स ने भाग लिया। दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को फायरिंग, मैप रीडिंग, ड्रिल, नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल तथा खेलकूद जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। कैडेट्स ने इन सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए सॉफ्ट स्किल्स, साइबर जागरूकता, व्यक्तित्व विकास और अनुशासन से संबंधित कई सेमिनार एवं कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों ने कैडेट्स को आधुनिक चुनौतियों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. गौतम सूत्रधार ने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रो. एस. के. सारंगी ने कहा कि NCC युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया और सफल आयोजन के लिए अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं कैडेट्स को बधाई दी गई।

