बेगूसराय :उग्रवाद और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेगूसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार STF और DIU की संयुक्त टीम ने 12 वर्षों से फरार चल रहे नक्सली आरोपी गौतम पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसकी मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के गेनहरपुर निवासी उमेश पासवान के पुत्र गौतम पासवान के रूप में हुई है। वह भगवानपुर थाना कांड संख्या 25/12 का नामजद अभियुक्त है और लंबे समय से फरार था। सूचना मिलने के बाद STF ऑपरेशन ग्रुप (ARG), STF SOG-3 और DIU बेगूसराय की टीम ने संयुक्त छापेमारी की योजना बनाई।संयुक्त टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खम्हार पासवान टोला स्थित एक बगीचे में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार अपराधियों और उग्रवादी गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

