पटना :पटना मेट्रो परियोजना को बड़ी सफलता मिली है। मोइनुल हक स्टेडियम और राजेंद्र नगर टर्मिनल के बीच अंडरग्राउंड टनल का निर्माण पूरा हो गया है। इस उपलब्धि के साथ कॉरिडोर-2 के भूमिगत हिस्से का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और परियोजना अपने अगले चरण की ओर बढ़ गई है।


यह टनल निर्माण अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीन (TBM) की मदद से किया गया। खास बात यह रही कि सुरंग की खुदाई रेलवे ट्रैक और राजेंद्र नगर टर्मिनल के नीचे से की गई, जबकि रेल परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि पटना मेट्रो के भूमिगत नेटवर्क के विस्तार में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कॉरिडोर-2 के तहत मोइनुल हक स्टेडियम, राजेंद्र नगर, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ा जाना है। टनल तैयार होने के बाद अब आगे ट्रैक बिछाने और अन्य तकनीकी कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

