नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आदित्यपुर में AI युक्त MRI मशीन का शुभारंभ

Spread the love

सरायकेला/आदित्यपुर: कोल्हान क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आदित्यपुर में शनिवार को अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस एमआरआई मशीन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा का उद्घाटन सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के मरीजों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि अब कोल्हान समेत आसपास के जिलों के मरीजों को उच्च स्तरीय एमआरआई जांच के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

अस्पताल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने जानकारी दी कि संस्थान लगातार अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि आने वाले 15 दिनों के भीतर कैथ लैब (Cath Lab) की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे हृदय रोगियों को एंजियोग्राफी सहित कई महत्वपूर्ण जांच और उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे।

मरीजों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से अस्पताल प्रबंधन ने एमआरआई जांच पर 25 प्रतिशत तक की छूट देने की घोषणा की है, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को 50 प्रतिशत तक विशेष रियायत दी जाएगी।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक विभा सिंह, प्राचार्य डॉ. केएम सिंह, डॉ. एमके सिन्हा, मृत्युंजय झा, के.के. सिंह सहित अस्पताल के कई चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।