खूंटी में दर्दनाक सड़क हादसा: वरिष्ठ पत्रकार के ढाई वर्षीय पोते की मौत, पूरे शहर में शोक

Spread the love

झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार राज कुमार गुप्ता के ढाई वर्षीय पोते आश्विक कुमार गुप्ता की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से न केवल परिवार बल्कि पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। मासूम की असमय मौत की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने उनके आवास पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे आश्विक के पिता सौरभ राज अपने परिवार के साथ घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वे अपने पिता के साथ बातचीत में व्यस्त हो गए। इसी दौरान मासूम आश्विक चुपचाप घर से बाहर निकलकर मुख्य सड़क की ओर चला गया, जिसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क किनारे खड़े एक सवारी वाहन के चालक ने जैसे ही वाहन आगे बढ़ाया, उसी समय आश्विक उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

शनिवार सुबह से ही राज कुमार गुप्ता के आवास पर लोगों का तांता लगा रहा। सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े कई लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा समेत कई जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत बालक की आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। मासूम आश्विक की असमय मौत ने पूरे खूंटी जिले को झकझोर कर रख दिया है।