पलामू में 93 लाख की सड़क योजना पर विवाद गहराया, नाम बदलने की मांग पर आयशा सिंह का पलटवार

Spread the love

पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में 93 लाख रुपये की सड़क निर्माण योजना को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब नगर निगम ने डब्ल्यू. सिंह के नाम पर सड़क निर्माण योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। इस पर झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जिन व्यक्तियों का नाम पूर्व में आपराधिक मामलों से जुड़ चुका है, उनके नाम पर सरकारी योजनाओं का नामकरण करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराध और उग्रवाद मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए ऐसी योजनाएं सरकार की मंशा के विपरीत संदेश दे सकती हैं।

वित्त मंत्री ने पलामू के उपायुक्त को पूरे मामले की समीक्षा करने और योजना का नाम बदलने पर विचार करने का निर्देश दिया है। मंत्री के इस बयान के बाद आयशा सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के सामाजिक योगदान और जनसेवा को केवल आरोपों के आधार पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में गलत संदेश दे सकती हैं। फिलहाल सड़क निर्माण योजना से अधिक उसके नाम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है। अब जिला प्रशासन की समीक्षा और सरकार के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।