हजारीबाग में रिलीफ निधि लिमिटेड पर करोड़ों की ठगी का आरोप, निवेशकों में मचा हड़कंप

Spread the love

हजारीबाग जिले में बैंक की तर्ज पर संचालित हो रही रिलीफ निधि लिमिटेड पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार होने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि कंपनी ने लोगों को नियमित जमा योजना और कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराया और बाद में कार्यालय बंद कर संचालक फरार हो गए। कंपनी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शाखाएं खोलकर निवेशकों को पासबुक भी उपलब्ध कराई थी, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा।

निवेश अवधि पूरी होने के बाद जब लोग अपनी जमा राशि वापस लेने कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल नंबर बंद पाए गए। इसके बाद निवेशकों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस व प्रशासन से शिकायत की।

दारू थाना क्षेत्र के इरगा गांव निवासी सविता कुमारी ने कंपनी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रारंभिक जांच में चार लोगों से करीब पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि कंपनी ने जिले के विभिन्न इलाकों से तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार संचालकों की तलाश की जा रही है।