पलामू: जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत देवरी ओपी क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद समय पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।


जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम पुलिस को देवरी कला सड़क के किनारे एक युवक के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान हैदरनगर थाना क्षेत्र के चेचेरिया गांव निवासी 25 वर्षीय रंजीत कुमार के रूप में की, जो अपने ससुराल आया हुआ था। पुलिस ने तत्काल उसके ससुराल वालों को सूचना दी और उसे हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रंजीत को मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका कहना है कि एंबुलेंस के इंतजार में ही युवक की अस्पताल में मौत हो गई।
मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि रंजीत को दो बाइक सवार नशे की हालत में छोड़कर गए थे, जबकि मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
नोट: यह खबर दोनों पक्षों के दावों और पुलिस की प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है।

