रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ में मंगलवार देर रात एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह गोलपार गार्डन से दामोदर नदी जाने वाली सड़क किनारे फ्लैग चौक निवासी सुमित अग्रवाल का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।


पुलिस के अनुसार, सुमित अग्रवाल के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उन पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया हो सकता है। घटनास्थल की तलाशी के दौरान करीब 300 गज दूर सूर्य मंदिर के पास उनकी चप्पल और नीले रंग की टी-शर्ट बरामद हुई, जिन्हें पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।
परिजनों ने बताया कि सुमित मंगलवार शाम घर से बाइक लेकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन पहले कॉल रिसीव नहीं हुआ और बाद में फोन बंद हो गया। बुधवार सुबह उनका शव मिलने की सूचना मिली।
मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक का नाम पूर्व में कुछ आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था। इन तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।

