सेल्फ एन्यूमरेशन कर जनगणना में सहयोग करें : अनिल मोदी

Spread the love

जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने स्वयं ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर आम नागरिकों को भी इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई डिजिटल जनगणना व्यवस्था पारदर्शिता, सरलता और समयबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

अनिल मोदी ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया तेज और सुगम होगी तथा लोगों को अपनी सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक नागरिक सेल्फ एन्यूमरेशन सुविधा का लाभ उठाएं और जनगणना अभियान में सक्रिय सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि आगामी 15 तारीख के बाद नगर पालिका कर्मी एवं जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से फॉर्म भरवाने का कार्य करेंगे। ऐसे में सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे कर्मचारियों का सम्मानपूर्वक सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

अनिल मोदी ने विश्वास जताया कि जनता, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त सहयोग से यह डिजिटल जनगणना अभियान सफल होगा और देश को सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे, जिससे भविष्य की योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।