महुआडांड़ में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की आवश्यक बैठक अंबवाटोली पंचायत भवन परिसर में आयोजित की गई। बैठक में सरकार द्वारा किए गए संकल्पों एवं आश्वासनों पर अमल नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए 10 जून 2026 को मुख्यमंत्री आवास के अनिश्चितकालीन घेराव-प्रदर्शन कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का निर्णय लिया गया।


बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अध्यक्ष रोजलीन तिर्की ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय सम्मान, पहचान, रोजगार, नियोजन एवं सम्मान पेंशन देने के मुद्दे पर सरकार द्वारा किए गए वादों का पालन नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए आंदोलन को मजबूर हैं।
विशिष्ट अतिथि विलंगना किंडो ने सरकार से आंदोलनकारियों को न्याय, पहचान और सम्मान देने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता कर रहे रंजीत टोप्पो ने कहा कि आंदोलनकारियों के अधिकारों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और 10 जून को आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
बैठक में जेरोम तिग्गा, राजेश लकड़ा, वीरेंद्र टोप्पो, बेरियानुस मिंज, कृति किरण गिद्ध, फूलजेंट एक्का, तमासुयुस मिंज, सुमित हिटलर मिंज, बृजमोहन मिंज समेत बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे।

