जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना के तहत बालीगुमा पानी टंकी को चालू कराने के उद्देश्य से डिमना चौक से डिमना नाला तक क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के अभियंताओं और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।


निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन बिछाने के लिए दो वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया गया। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि पूर्व निर्धारित मार्ग में कोई बाधा नहीं डाली जा रही है, बल्कि एनएच निर्माण कार्य को देखते हुए सुरक्षित और तकनीकी रूप से बेहतर विकल्प सुझाए गए हैं।
पहले प्रस्ताव के तहत पाइपलाइन को एनएच के यूटिलिटी कॉरिडोर से डिमना नाला तक ले जाकर आशियाना क्षेत्र के किनारे से होते हुए बालीगुमा पानी टंकी तक जोड़ने का सुझाव दिया गया। वहीं दूसरे विकल्प में पाइपलाइन को डिमना नाला के आधार तल से पार कराकर सुकना बस्ती की ओर से टंकी तक पहुंचाने की योजना रखी गई।
इसके बाद विधायक सरयू राय ने पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों प्रस्तावों पर चर्चा की। कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि दोनों वैकल्पिक मार्गों का सर्वेक्षण एवं तकनीकी अध्ययन कर जो मार्ग अधिक उपयोगी और व्यवहारिक होगा, उसी पर कार्य किया जाएगा।
सरयू राय ने अधिकारियों से कहा कि वे किसी दबाव में आए बिना तकनीकी एवं वित्तीय दृष्टिकोण से उचित निर्णय लें, ताकि वर्षों से बंद पड़ी बालीगुमा पानी टंकी से जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू हो सके।
इस अवसर पर भाजपा नेता नीरज सिंह, वार्ड पार्षद राजेश सिंह, जितेंद्र साव, जदयू नेता पप्पू सिंह समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

