पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सोमवार सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध बालू से लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया। हालांकि पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7 बजे कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन को सूचना मिली कि गोइलकेरा क्षेत्र से नदी से अवैध बालू खनन कर ट्रैक्टरों से कराईकेला लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ चक्रधरपुर-रांची मुख्य मार्ग एनएच-75 ई पर कराईकेला थाना के समीप घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बालू लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिया। जब्त किए गए ट्रैक्टर को कराईकेला थाने में रखा गया है और आगे की कार्रवाई के लिए खनन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है



