पश्चिमी सिंहभूम: कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडखोरी गांव में अंधविश्वास के चलते 47 वर्षीय महिला शुरू गोप की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात की है, जहां आरोपी ने धारदार हथियार से महिला का गला रेत दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


परिजनों के अनुसार, घटना के समय महिला के पति देवेंद्र गोप और अन्य परिवारजन ओड़िशा के गेरेया मंजर गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शुरू गोप घर में अपने छोटे बच्चों के साथ अकेली थीं। बच्चों ने पुलिस को बताया कि रात में पुडुवा सिंकू उर्फ चौके नामक व्यक्ति घर आया और हड़िया पिलाने के बहाने महिला को अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद महिला की चीख सुनाई दी, जिससे घबराकर बच्चे घर के अंदर छिप गए।
रात करीब 11 बजे जब परिवार के लोग लौटे तो महिला घर पर नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद सोमवार सुबह उनका शव जंगल में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी पुडुवा सिंकू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। परिजनों ने बताया कि आरोपी अपने बच्चों की बीमारी को लेकर महिला पर डायन होने का आरोप लगाता था और पहले भी इस तरह की बातें कर चुका था।
इस घटना के बाद मृतका के सात बच्चों सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने कहा है कि डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास के कारण हुई इस हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

