कोलकाता : पश्चिम बंगाल के Howrah में तृणमूल कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री Arup Roy के घर के पास एक गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री मिलने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है।


शनिवार को कंबल, तिरपाल और अन्य राहत सामग्री से लदी एक मैटाडोर को भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। भाजपा ने आरोप लगाया कि यह सामग्री जनता के लिए थी, लेकिन इसका गबन करने की कोशिश की जा रही थी। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। इस दौरान ‘चोर-चोर’ के नारे भी लगाए गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। वहीं, Arup Roy ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि राहत सामग्री जरूरतमंदों में बांटने के लिए मंगाई गई थी। उन्होंने बताया कि स्टॉक अधिक होने के कारण इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी गई थी और उनके निर्देश पर ही सामान को जिला प्रशासन के कार्यालय भेजा जा रहा था।
हावड़ा की जिलाधिकारी पी दीपाप्रिया ने भी इस दावे की पुष्टि की है। हालांकि, भाजपा ने सवाल उठाया है कि अगर सामग्री वितरण के लिए थी, तो उसे निजी गोदाम में क्यों रखा गया था।
फिलहाल मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है और प्रशासनिक स्तर पर भी इसकी जांच की मांग तेज हो गई है।

