भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर जमशेदपुर में विरोध प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर मंगलवार को बागबेड़ा कॉलोनी में सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया तथा मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रविशंकर सिंह, पवन ओझा और उपमुखिया संतोष ठाकुर ने संयुक्त रूप से की। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने भरत तिवारी की मौत की सच्चाई सामने लाने तथा पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

विरोध मार्च के दौरान लोगों ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से अपनी मांगों को रखा। वक्ताओं ने कहा कि मामले की गहन जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से जुड़े कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं, जिनका जवाब जनता जानना चाहती है।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि यदि आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की कि मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

आयोजकों ने कहा कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा और जरूरत पड़ने पर जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा।