गुमला में महिला और दो मासूम बच्चों की कुएं में मौत, गांव में पसरा मातम

Spread the love

गुमला: जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित मनातु गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों के कुएं में मृत पाए जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय परदेशनी कुमारी, उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश उरांव तथा चार वर्षीय पुत्री आशमनी कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, परदेशनी कुमारी पिछले कई महीनों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं और उनका इलाज रांची के कांके स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने दोनों बच्चों के साथ घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान परिवार के लोगों की नजर घर के पास स्थित कुएं पर पड़ी, जहां पानी में कपड़ा तैरता दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से कुएं की तलाशी ली गई, जिसमें पहले एक बच्चे का शव मिला। बाद में महिला और दूसरी बच्ची के शव भी बाहर निकाले गए। यह दृश्य देखकर गांव में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आवश्यक सहयोग प्रदान करने की मांग की है।