जमशेदपुर : Jamshedpur के सोनारी थाना क्षेत्र में कथित अवैध कारोबार और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्र के कई इलाकों में गांजा, शराब, मटका और अवैध लॉटरी जैसे गैरकानूनी धंधों के संचालित होने की चर्चाएं तेज हैं।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुदड़ी बाजार, एरोड्रम बाजार, राम मंदिर चौक, कागलनगर, खूंटाडीह और लहरी बस्ती समेत कई क्षेत्रों में अवैध गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं। लोगों का कहना है कि कभी-कभार पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से वही गतिविधियां शुरू हो जाती हैं।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध कारोबार के कारण इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। वहीं कुछ लोगों ने पुलिस गश्ती दल और टाइगर मोबाइल के कुछ जवानों पर अवैध वसूली के आरोप भी लगाए हैं।
हालांकि इन आरोपों को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

