बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुडिया में कक्षा 9 के एक छात्र के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने पूरे मामले की शिकायत उपायुक्त (डीसी) से करते हुए जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


बोराम थाना क्षेत्र के पांडा गांव निवासी तारणी कांतो महतो ने शिकायत पत्र में बताया कि उनका पुत्र गोविंद कुमार महतो जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुडिया में कक्षा 9 का छात्र है। आरोप है कि विद्यालय के कुछ वरिष्ठ छात्रों ने उसके साथ मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद छात्र के गाल और चेहरे पर गहरे चोट के निशान दिखाई दिए। पिता का कहना है कि उनका पुत्र इस घटना से इतना भयभीत है कि वह पढ़ाई छोड़कर घर लौटना चाहता है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में जूनियर छात्रों के साथ वरिष्ठ छात्र लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते हैं। विरोध या शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती है, जिसके कारण कई छात्र डर के कारण अपनी बात सामने नहीं रख पाते।
पिता ने बताया कि कुछ छात्रों द्वारा घटना की जानकारी हाउस मास्टर को दी गई थी। उनका आरोप है कि हाउस मास्टर ने मामले की जिम्मेदारी लेने के बजाय उन्हें प्राचार्य से संपर्क करने की सलाह दी।
शिकायतकर्ता ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी छात्रों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसे शिक्षण संस्थानों में भय का माहौल नहीं होना चाहिए। रैगिंग देश में प्रतिबंधित और दंडनीय अपराध है, इसलिए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपेक्षा की गई है।

